हथीन।
वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए सीआईए एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम ने एक अंतरराज्यीय शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 5 चोरी की बाइकें बरामद की हैं। आरोपी आरिफ नकलपुर पुन्हाना जिला नूंह का निवासी है। सीआईए प्रभारी दीपक गुलिया ने बताया कि शिकायतकर्ता सागर तंवर ने 11 मार्च को हथीन थाना में अपनी स्प्लेंडर प्लस बाइक चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुक्रवार को सूचना के आधार पर आरोपी को हथीन बाईपास मानपुर रोड से गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान आरोपी के पास पहली बाइक बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी ने दिल्ली और पलवल के विभिन्न थानों से चोरी की अन्य चार बाइकें भी पुलिस को दिखाई। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरिफ पहले से ही कई मामलों में आरोपी है।