चंदेला चौक के पास आरोपियों ने साथियों को बुलाकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस जांच में लूट और घर में घुसने का दावा मिला झूठा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चंदेला चौक के पास एक मई को सड़क पर खड़ी गाड़ी में टक्कर मारने का विरोध करने पर आरोपियों ने अपने साथियों को बुलाकर एक युवक के साथ जमकर मारपीट की। भतौला गांव निवासी पीड़ित अक्कू उर्फ वीरेंद्र ने थाना खेड़ीपुल में शिकायत देकर बताया कि उनकी गाड़ी घर के बाहर खड़ी थी। इस दौरान एक अस्थायी नंबर वाली गाड़ी ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर की आवाज सुनकर जब वह बाहर पहुंचे और कार सवार दो आरोपियों ने उनके साथ बदतमीजी और गाली-गलौज शुरू कर दी।
विवाद बढ़ने पर कार सवार युवकों ने फोन करके अपने सात-आठ साथियों को मौके पर बुला लिया, जिसमें तिगांव निवासी टिंकू, धीरज और मुजअही निवासी सोनू शामिल थे। पीड़ित ने अपनी शिकायत में आरोपियों पर घर में घुसकर लाठी-डंडों व हथियार से हमला करने और सोने की चेन व कान की बाली छीनने का भी आरोप लगाया था। वारदात के बाद आरोपी अपनी दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग गए, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया।
पुलिस की जांच और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ में पता चला कि दोनों पक्षों के बीच सड़क पर ही झगड़ा हुआ था। घर के अंदर घुसने, हथियार या लाठी-डंडे का प्रयोग करने और लूटपाट की बात झूठी पाई गई। डॉक्टरों की राय में पीड़ित को आई चारों चोटें सामान्य श्रेणी की हैं। पुलिस द्वारा घटना की सच्चाई और मेडिकल रिपोर्ट की गहन जांच के कारण मामले में सात मई को थाना खेड़ीपुल में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।