दो-तीन महिलाओं के भी हमले में शामिल होने का आरोप, प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-11 में प्लॉट की देखभाल करने वाले युवक पर 10-11 लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों में दो-तीन महिलाएं भी शामिल थीं, जिन्होंने युवक को प्लॉट के अंदर खींचकर पीटा। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-86 स्थित समर पाम निवासी संदीप बंसल ने बताया कि उन्हें सेक्टर-11 के प्लॉट नंबर 11C-1 की देखभाल की जिम्मेदारी मिली हुई है। 28 अक्तूबर को रात करीब 10:30 बजे वह अपने दोस्तों के साथ प्लॉट देखने पहुंचे थे। गेट पर पहुंचते ही 10-11 लोगों और दो-तीन महिलाओं ने उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावर उन्हें खींचकर प्लॉट के अंदर ले गए। सभी ने मिलकर लाठी-डंडों व लोहे की रॉड से हमला किया। हमलावरों ने संदीप को जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में संदीप को गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही बेहोश हो गए। उनके साथ आए दोस्तों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने इस मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हमलावरों में करनदीप, युवराज शर्मा, सचिन शर्मा और कार्तिक शर्मा शामिल हैं। इनके अलावा सात-आठ अन्य आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह हमला प्लॉट पर कब्जे के विवाद को लेकर हुआ है। संदीप बंसल को प्लॉट मालिक राकेश सहगल ने प्लॉट की देखभाल का जिम्मा सौंपा था। हमलावरों ने संदीप को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस इस विवाद के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।