एनआईटी थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पत्नी के प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या करने का मामला सामने आया है। महिला ने हत्या करने के बाद खुद ही परिजनों को मौत की जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एनआईटी थाने में एफआईआर दर्ज कर टीम ने जांच शुरू कर दी है।
कृष्णानगर निवासी सूरजपाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनका बेटा अरुण एक निजी अस्पताल में सफाई कर्मचारी के पद पर तैनात था। उसे कई दिनों से बुखार आ रहा था। बृहस्पतिवार को उसकी पत्नी पूनम इलाज कराने के बहाने अरुण को अपने मायके एनआइटी पांच ले आई। अरुण दवा खाकर सो रहा था उसी समय पूनम ने प्रेमी को घर में बुलाकर अरुण की गला दबाकर हत्या कर दी।
पति की हत्या करने के बाद पूनम ने अपने ससुर सूरजपाल व देवर आशीष को फोन करके सूचना दी कि बीमारी की वजह से अरुण की मौत हो गई। मौके पर अपने परिवार के साथ पहुंचे सूरजपाल ने जब अरुण के शव को देखा तो उसकी गर्दन पर गहरे निशान थे। ऐसा अंदेशा है कि बेल्ट से गला दबाकर अरुण की हत्या की गई है। सूरजपाल ने मामले की जानकारी एनआइटी थाना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला संदिग्ध लगने पर पूनम से पूछताछ की। पूनम पुलिस के सामने भी रोने का नाटक कर रही थी लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने हत्या की बाद स्वीकार की। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया है।
जानकारी के अनुसार सात साल पहले अरुण और पूनम की शादी हुई थी। शादी के बाद से ही पूनम छोटी छोटी बातों पर लड़ाई करती रहती थी। वहीं मौका पाते ही वह अपने ससुराल से भी मायके आ जाती थी। मामले में जांच अधिकारी नरेश ने बताया कि पूनम को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। अरुण की हत्या में कौन कौन शामिल हैं पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा। वहीं शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।