संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में मौसम के बदलते मिजाज का असर मंगलवार को भी देखने को मिला। आसमान में दिनभर बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं दोपहर बाद बादल छाने से तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट आई और यह 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। सुबह से ही आसमान में हल्के बादल छाए रहे, जिससे मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रहा। हालांकि दोपहर करीब दो बजे आसमान साफ होने लगा और तेज धूप निकलने से गर्मी का असर फिर बढ़ गया। दोपहर बाद करीब तीन बजे मौसम ने फिर करवट ली और बादलों ने आसमान को ढक लिया। इससे धूप का असर कम हुआ और उमस से भी राहत मिली। शाम तक मौसम अपेक्षाकृत खुशनुमा बना रहा। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के कारण बुधवार और बृहस्पतिवार को जिले में बारिश की संभावना है। विभाग का अनुमान है कि छह जून तक अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना रहेगा।