- गुर्जर ने कहा- त्योहारों से पहले जीएसटी की दरों में कटौती मोदी सरकार का तोहफा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। स्वदेशी अपनाओ, भारत को आत्मनिर्भर बनाओ की भावना के साथ देश को विकसित बनाने में प्रत्येक नागरिक को योगदान देना चाहिए। केंद्रीय सहकारिता राज्यमंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने सोमवार शाम को फरीदाबाद के सेक्टर-28 मार्केट में आयोजित जीएसटी बचत उत्सव पदयात्रा में लोगों को यह संदेश दिया। इस पदयात्रा में व्यापारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री ने क्षेत्र के दुकानदारों और उपभोक्ताओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निरंतर कर सुधारों और विकास के कार्य कर रही है। विभिन्न आवश्यक वस्तुओं और सेवाओं पर टैक्स में कमी का सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिलेगा। इससे बाजार में चहल-पहल और व्यापारिक गतिविधियों में वृद्धि होगी। उन्होंने व्यापारियों से अपील की कि वे इस राहत का लाभ आम उपभोक्ताओं तक अवश्य पहुंचाए।
इसी कड़ी में सांसद ने एनआईटी स्थित 1-2 चौक से स्वदेशी संकल्प यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर विभिन्न व्यापारिक संगठनों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा आम नागरिकों ने पदयात्रा में सक्रिय भागीदारी की। व्यापारियों ने केंद्रीय राज्यमंत्री का स्वागत करते हुए उनके माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़खल विधायक धनेश अदलखा, सुमन बाला, जसवंत सिंह, हरिकिशन गिरोटी, वीरेंद्र भड़ाना सहित कार्यकर्ता व अन्य लोग मौजूद रहे।