पेड़ों की छंटाई पर ध्यान नहीं दे रहा है बिजली विभाग, वाहन चालकों को होती है परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में लगी कई स्ट्रीट लाइटों की रोशनी पड़ों में ही छिपकर रह गई है। इसकी वजह से सड़कों पर अंधेरा छाया रहता है। अंधेरा होने की वजह से रात के समय वाहन चालकों को दिक्कत का सामना करना पड़ता है। बिजली विभाग इन पेड़ों की छंटाई पर ध्यान नहीं दे रहा है।
शहर के कई इलाकों और सड़कों पर लगीं स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह से पेड़ों से ढंकी हुई हैं, जिसकी वजह से उजाला होते हुए भी वह सड़क तक नहीं पहुंच पा रहा है। शहर के रेलवे रोड, सेक्टर-12 सहित कई इलाकों में यही हालात बने हुए हैं। इन पेड़ों की लंबे समय से छंटाई नहीं की गई है। इसकी वजह से स्ट्रीट लाइटें चारों तरफ से पेड़ों से ढंक गई हैं।
शहर के कई मार्गों पर रात भर वाहन चलते हैं, लेकिन स्ट्रीट लाइटें पेड़ों से ढके होने के कारण मार्ग पर अंधेरा पसरा रहता है। ऑटो चालकों ने बताया कि हम लोग देर रात तक वाहन चलाते हैं। सड़क पर अंधेरा होने के कारण दृश्यता कम हो जाती है। इसकी वजह से हादसे की आशंका बनी रहती है।
कई लाइटें भी हैं खराब
सड़कों पर लगीं कई स्ट्रीट लाइटें भी खराब पड़ी हुई हैं। इसमें सेक्टर - 23 मार्ग के फरीदाबाद मॉल, हार्डवेयर चौक और सोहना रोड की जगह शामिल है। हालांकि बिजली निगम के कर्मचारियों का कहना है कि पेड़ों की छंटाई और बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को जल्द ही ठीक करवा दिया जाएगा।