-सात करोड़ से टाउन पार्क का होगा कायाकल्प, पार्क में तीन नए फव्वारे लगेंगे, मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाया जाएगा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर को अब हरियाली और सेहत के मोर्चे पर नई ऊर्जा मिलने जा रही है। सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क का व्यापक कायाकल्प किया जा रहा है। लगभग 7.16 करोड़ रुपये की लागत से पार्क का बुनियादी ढांचा आधुनिक रूप में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही आने वाले दिनों में यहां सालाना फ्लावर शो का आयोजन भी प्रस्तावित होगा। जिससे यह पार्क केवल सैर-सपाटे का स्थान नहीं बल्कि सांस्कृतिक और पर्यटन गतिविधियों का केंद्र भी बनेगा।
पार्क के विकास की जिम्मेदारी हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने उठाई है। प्राधिकरण ने इसके लिए विस्तृत कार्य योजना तैयार कर ली है। योजना के अनुसार निर्माण कार्य शुरू होने के बाद छह माह में पूरा करना होगा। खास बात यह है कि कार्य पूर्ण होने के बाद तीन वर्ष तक रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की होगी, जिससे गुणवत्ता और देखभाल सुनिश्चित की जा सके।
सेहत पर फोकस, बदलेगा जॉगिंग ट्रैक
टाउन पार्क में प्रतिदिन सैकड़ों लोग सैर और व्यायाम के लिए पहुंचते हैं। अब यहां सीमेंटेड ट्रैक की जगह आधुनिक सिंथेटिक जॉगिंग ट्रैक बनाया जाएगा। इससे दौड़ने वाले युवाओं और बुजुर्गों को घुटनों व जोड़ों की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। पार्क में तीन नए फव्वारे लगाए जाएंगे, मुख्य प्रवेश द्वार को आकर्षक बनाया जाएगा और बाउंड्री वॉल को मजबूत व आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इसके अलावा लंबे समय से उपेक्षित पड़े ओपन एयर थिएटर का भी पुनरुद्धार किया जाएगा। नवीनीकरण के बाद यहां सांस्कृतिक कार्यक्रम, स्कूली प्रस्तुतियां और सामाजिक आयोजन हो सकेंगे।
फ्लावर शो से महकेगा माहौल
पार्क के सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नगर निगम फरीदाबाद यहां एनुअल फ्लावर शो आयोजित करने की तैयारी में है। इसके लिए टाउन पार्क का चयन किया गया है। निगम ने टाउन पार्क में फ्लावर शो के लिए टाउन पार्क का चयन औपचारिक रूप से करने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। फ्लावर शो में देशी-विदेशी फूलों की प्रजातियां, सजावटी पौधे और बागवानी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र होंगी।
स्मार्ट और ग्रीन सिटी की दिशा में कदम
फरीदाबाद तेजी से विकसित हो रहा है लेकिन औद्योगिक गतिविधियों के कारण प्रदूषण और हरित क्षेत्र की कमी चिंता का विषय रहा है। ऐसे में टाउन पार्क शहर के पर्यावरणीय संतुलन को बेहतर बनाने में सहायक हो सकता है। विशेषज्ञ मानते हैं कि बड़े शहरी पार्क न केवल ऑक्सीजन स्तर सुधारते हैं बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी सकारात्मक प्रभाव डालते हैं। सिंथेटिक ट्रैक और आधुनिक सुविधाओं के साथ यह पार्क स्पोर्ट्स गतिविधियों के लिए भी उपयुक्त बनेगा। भविष्य में यहां मिनी मैराथन, योग शिविर और सांस्कृतिक उत्सव जैसे आयोजन संभव हो सकेंगे।
टाउन पार्क के विकास के लिए एचएसवीपी की तरफ से प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।- संदीप दहिया, एसई, एचएसवीपी