बड़खल क्षेत्र में कई दुकानों पर चलाई जेसीबी, 150 अतिक्रमण ढहाए
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बड़खल क्षेत्र में नगर निगम ने बड़ा अभियान चलाकर 150 से अधिक अतिक्रमण ढहाए। बड़खल झील से जमई कालोनी तक यह अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय लोगों के भारी विरोध का सामना टीम को करना पड़ा तो मौके पर मौजूद पुलिस बल ने सड़क पर लाठियां पटककर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया।
नगर निगम ने अतिक्रमण हटाने का अभियान इन दिनों चलाकर रखा हुआ है। इसी कड़ी में मंगलवार को नगर निगम के अतिक्रमण हटाने वाले दस्ते ने बड़खल क्षेत्र में बड़ा अभियान चलाया। इस दौरान बड़खल गांव के सामने बड़खल चौक से बड़खल झील के आगे रोड पर अतिक्रमण ढहाया। एसडीओ सुरेंद्र हुड्डा ने बताया कि टीम ने बड़खल झील से जमई कालोनी की ओर करीब 150 से अधिक अतिक्रमण ढहाए। इन सभी अतिक्रमणकारियों ने सरकारी भूमि पर अवैध रूप से अतिक्रमण किया हुआ था।
मौके पर नगर निगम दस्ते के साथ भारी संख्या में पुलिस बल भी पहुंचा। इस दौरान जैसे ही जेसीबी अतिक्रमण ढहाने पहुंचे तो स्थानीय लोग विरोध करने उतर पड़े। यहां तक कि कुछ लोगों ने जेसीबी का रास्ता भी रोक लिया तो पुलिस ने लाठियां सड़क पर पटककर उन्हें खदेड़ दिया। इसके बाद टीम ने अतिक्रमण ढहाए। एसडीओ का कहना है कि अब लगातार अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई चलेगी।
-
महिला हुई बेहोश
अतिक्रमण हटाने पहुंची जेसीबी के आगे कुछ महिलाएं भी विरोध करने पहुंची। इस दौरान एक महिला बेहोश होकर गिर पड़ी। मौके पर पुलिस और टीम के सदस्यों ने महिला को उठाकर एक चारपाई पर लिटा दिया। कुछ देर बाद उसे होश आ गया।