अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। राजीव कॉलोनी से निकलते वक्त पानी के एक टैंकर से एक घर की सीढ़ी टूटने पर स्थानीय लोगों ने चालक और उसके भाई से मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों में से एक ने सब्जी काटने वाले चाकू से हमला कर चालक के भाई को घायल कर दिया। सेक्टर-58 थाने की पुलिस मामले की जांच कर रही है।
गांव समयपुर निवासी लोकेश पानी का टैंकर चलाता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे वह पीने का पानी पहुंचाने राजीव कॉलोनी गया था। इस दौरान ट्रैक्टर से एक मकान की सीढ़ी टूट गई। इससे नाराज मकान मालिक और स्थानीय लोगों ने दोनों भाइयों की जमकर पिटाई कर दी। साथ ही उसके भाई को चाकू मारकर घायल कर दिया। पुलिस मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश कर रही है।
-
घर में खड़ी बाइक चोरी, केस दर्ज
फरीदाबाद। सेक्टर-23 की संजय कॉलोनी स्थित एक घर में खड़ी बाइक चोरी हो गई। बाइक मालिक ने मुजेसर थाने में चोरी की शिकायत दी है। विमल कुमार ने अपनी शिकायत में बताया कि 25 अप्रैल को वह अपने घर में सो रहे थे। बाइक बरामदे में खड़ी थी। सुबह उठने पर पाया कि बाइक किसी ने चोरी कर ली है। विमल ने शुक्रवार रात पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी है।