कई सेक्टरों में मरम्मत के साथ नई एलईडी लाइटें लगाने सहित कई तकनीकी कार्य किए जाएंगे
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो फरीदाबाद। शहर की प्रमुख सड़कों पर जल्द ही अंधेरा छंटेगा और रात के समय सफर अधिक सुरक्षित व सुगम होगा। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए योजना तैयार की है। योजना के तहत सेक्टर-12 स्थित एचएसवीपी टाउन पार्क, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और सेक्टर-2, 56ए, 61, 62, 63, 64 और 65 को जोड़ने वाली डिवाइडिंग सड़कों की स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त किया जाएगा। इसके तहत खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, बिजली आपूर्ति प्रणाली को मजबूत करने और जरूरत के अनुसार नई एलईडी लाइटें लगाने सहित कई तकनीकी कार्य किए जाएंगे। एचएसवीपी ने इसके लिए टेंडर प्रक्रिया जारी की है।
स्थानीय निवासियों का आवागमन अधिक सुरक्षित होगा
योजना के तहत सिर्फ खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत ही नहीं होगी, बल्कि पूरे साल 24 घंटे सार्वजनिक उद्घोषणा (पब्लिक एड्रेस) प्रणाली को भी चालू रखा जाएगा। विभिन्न क्षमता की एलईडी स्ट्रीट लाइटों और फ्लड लाइटों की नियमित निगरानी, खराब होने पर तत्काल मरम्मत और जरूरत पड़ने पर एसपीडी, पीसीबी समेत अन्य विद्युत उपकरण बदले जाएंगे। जहां रोशनी कम है या लाइटें खराब हैं, वहां नई विद्युत केबल, कनेक्शन प्लेट, डबल आर्म ब्रैकेट, जंक्शन कवर और नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी। इससे लोगों को रात के समय बेहतर रोशनी मिलेगी, अंधेरे वाले स्थान खत्म होंगे और स्थानीय निवासियों का आवागमन अधिक सुरक्षित होगा।
सड़क दुर्घटनाओं में आएगी कमी
इस योजना के लागू होने से सेक्टर-12 और आसपास के क्षेत्रों की प्रमुख सड़कों पर रात के समय बेहतर रोशनी मिलेगी, जिससे वाहन चालकों, पैदल यात्रियों को आवागमन अधिक सुरक्षित होगा। खराब स्ट्रीट लाइटों की समय पर मरम्मत और नई एलईडी लाइटें लगने से अंधेरे वाले स्थान खत्म होंगे। इससे सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक घटनाओं की आशंका भी कम होगी। बिजली आपूर्ति प्रणाली मजबूत होने से बार-बार लाइट बंद होने की समस्या से राहत मिलेगी।