फर्जी हस्ताक्षर कर सचिव को एजुकेशन सोसायटी से निकाला
फरीदाबाद। सेक्टर-8 स्थित एक स्कूल को संचालित करने वाली एजुकेशन सोसायटी के अध्यक्ष पर सचिव ने उनके व उनकी पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कर सोसायटी से निकालने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर सोसायटी अध्यक्ष सहित अन्यों के खिलाफ सेक्टर-8 थाना पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सैनिक कॉलोनी निवासी पीड़ित अनिल कुमार ने बताया कि सेक्टर-8 स्थित विवेकानंद एजुकेशन सोसायटी विवेकानंद इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल चलाती है। स्कूल की सोसायटी में वह सचिव और उनकी पत्नी प्रीति सदस्य थीं। वर्ष 2013-14 के दौरान सोसायटी अध्यक्ष सेक्टर-14 निवासी दीपक यादव ने अलग-अलग समय में उनके व उनकी पत्नी के फर्जी हस्ताक्षर कर उन्हें सोसायटी से निकाल दिया। इसकी जानकारी उन्हें वर्ष 2015 में हुई तो उन्होंने सोसायटी रजिस्ट्रार कार्यालय से दस्तावेजों की सत्यापित प्रतियां निकलवाई। उन दस्तावेजों को देखने के बाद उन्हें धोखाधड़ी का पता चला। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस में की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने इसकी शिकायत पुलिस आयुक्त से की और दस्तावेजों पर मौजूद उनके हस्ताक्षर की फॉरेंसिक जांच करवाने को कहा। पुलिस आयुक्त ने इसकी अनुमति दे दी। आरोप है कि पुलिस ने जब सोसायटी से दस्तावेज मांगे तो वे टालते रहे। इस पर अब पुलिस ने दीपक यादव सहित सोसायटी के अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दीपक यादव की बिहार में शुगर मिल बताई जाती हैं।