मोहना रोड पर चल रहा है एलिवेटेड रोड के निर्माण का काम, एक घंटे में हटाए गए पत्थर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मोहना रोड पर एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य की वजह से शुक्रवार रात अंबेडकर चौक के पास यातायात बंद कर दिया गया। इससे शनिवार सुबह अंबेडकर चौक के पास जाम लगना शुरू हो गया। सुबह नौ बजे तक लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने पत्थरों को हटवाकर यातायात सुचारू किया। यहां वाहन चालकों के लिए वैकल्पिक रास्ता अभी तैयार नहीं किया गया है।
मोहना रोड पर 2.75 किलोमीटर का एलिवेटेड रोड बनाने का काम चल रहा है। निर्माण करने वाली कंपनी की ओर से शुक्रवार रात बड़े-बड़े पत्थर लगाकर एक तरफ की सड़क को भारी वाहनों के लिए बंद कर दिया गया। ऐसे में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 से एम्स शाखा के रास्ते मोहना रोड पर आने वाले भारी वाहनों की भी एंट्री बंद हो गई। शनिवार सुबह अंबेडकर चौक के पास बाजार की ओर जाने वाले रास्ते पर जाम लगने लगा। इसकी सूचना लोगों को पहले नहीं दी गई। इसके चलते सुबह के समय ड्यूटी जा रहे लोगों को जाम की समस्या से जूझना पड़ा। जाम लगने की सूचना पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने निर्माण कंपनी से बातचीत कर पत्थरों को जेसीबी की मदद से वहां से हटा। इस दौरान करीब एक घंटे से अधिक समय लग गया।
निर्माण कार्य के चलते बंद किए हैं भारी वाहन
मोहना रोड पर एलिवेटेड रोड के निर्माण कार्य के चलते भारी वाहनों की एंट्री पूर्ण रूप से बंद कर दी गई है। लेबर चौक के साथ-साथ चंदावली चौक पर बड़े-बड़े पत्थर लगाकर भारी वाहनों की एंट्री को बंद कर दिया गया, लेकिन छोटे वाहन बाजार व अन्य छोटी गलियों से गुजर कर मोहना रोड पर आवागमन कर रहे हैं। इसके अलावा लेबर चौक के पास रास्ता बंद होने के चलते वाहन गलत दिशा से मोहना रोड पर आकाश सिनेमा तक आवागमन कर रहे हैं।
यातायात प्रभारी जगबीर ने बताया कि जाम की सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। उन्होंने निर्माण कंपनी से बात की। उन्होंने बताया कि यह पत्थर गलती से यहां लगा दिए हैं । जिसके बाद जेसीबी की मदद से पत्थरों को करीब 1 घंटे के बाद वहां से हटाकर लेबर चौक के पास लगा दिया। जिसके बाद लोगों को जाम की समस्या से छुटकारा मिल गया।