-गांव टीकरी ब्राह्मण से रहराना तक बन रही है सड़क, गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। गांव टीकरी ब्राह्मण से रहराना तक नई बन रही नई-नवेली सड़क एक दिन में ही उखड़ने लगी। लोक निर्माण विभाग की तरफ से कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर अब सवाल उठने लगे हैं। घटिया निर्माण सामग्री से बन रही सड़क सरकारी कार्यों की गुणवत्ता पर प्रश्नचिन्ह खड़े कर रही है।
जिले में निगरानी समिति भी बनी हुई है। हैरानी की बात तो यह है कि जिस सड़क को एक दिन पहले तैयार किया गया वह अगले ही दिन टूटने लगी। जिसकी शिकायत समाजसेवी गजराज आर्य समेत कई लोगों ने बृहस्पतिवार को लोक निर्माण विभाग हथीन के उपमंडल अभियंता विपिन व्यास से की है। करीब ढाई करोड़ रुपए के बजट सड़क का निर्माण रॉक स्ट्रेंथ कंस्ट्रक्शन कंपनी कर रही है। लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण में तारकोल निर्धारित मात्रा में नहीं लगाया जा रहा है। जिससे गिट्टियां तुरंत ही निकल जा रही हैं। सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का प्रयोग और सडक को बिना लाइनिंग व लेवलिंग के बनाना जा रहा है। 23 व 24 फरवरी को की गई कारपेट कई जगहों से 25 तारीख को ही उखड गई।
ठेकेदार ने मिट्टी के ऊपर ही की कारपेट
ठेकेदार ने मिट्टी के ऊपर ही कारपेट कर दी है। कारपेट से पहले बरम को चौड़ा नहीं किया गया और न ही उसकी ठीक से कुटाई की गई है। गजराज आर्य ने मांग की है कि इस कार्य को तुरंत प्रभाव से रोकने और टेंडर के अनुसार सडक निर्माण कार्य कराया जाए। ठेकेदार की पेमेंट को तुरंत प्रभाव से रोका जाए और सडक निर्माण सामग्री की जांच विजिलेंस द्वारा कराने की मांग की है। यदि कोई कार्रवाई नहीं होती है तो इस मामले को उच्चाधिकारियों तक लेकर जाएंगे।
लंबे समय से जर्जर हालत में थी
यह सड़क लंबे समय से जर्जर हालत में थी, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता था। सड़क का निर्माण शुरू हुआ तो लोगों में कुछ आस जगी थी। लेकिन घटिया निर्माण सामग्री से बनाई जा रही सड़क को देख कर लोगों का कहना है कि यदि ऐसी ही सड़क बनानी थी तो इससे तो यह पहले ही ठीक थी, क्यों सरकार का पैसा खराब किया जा रहा है। यह सड़क हथीन उपमंडल को जिला मुख्यालय से जोड़ती है। ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है कि ठेकेदार द्वारा अपनी मनमर्जी से भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से घटिया सामग्री का उपयोग किया जा है। जिससे सड़क बनने के एक दिन बाद ही सड़क उखड़नी शुरू हो गई है।
-
सड़क के निर्माण में अनियमितता बरतने की शिकायत मिली है। संबंधित जेई और ठेकेदार को निर्देश दिए है कि जहां भी सड़क खराब है उसको निकाल कर निर्माण दोबारा से कराया जाए। निर्माण में लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं होगी।-
- विपिन व्यास, उपमंडल अभियंता, लोक निर्माण विभाग, हथीन