वाहन चालकों को करना पड़ता है परेशानी का सामना
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। खेड़ी पुल से जसाना होते हुए मंझावली यमुना पुल तक जाने वाली सड़क की हालत इन दिनों बेहद खराब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो चुके हैं, जिससे इस मार्ग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर रात के समय यह रास्ता और भी खतरनाक हो जाता है, क्योंकि सड़क पर प्रकाश व्यवस्था न होने के कारण यहां अंधेरा पसरा रहता है। ऐसे में हादसों की आशंका लगातार बनी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है, लेकिन अब हालात इतने खराब हो चुके हैं कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए यहां से गुजरना जोखिम भरा हो गया है। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत उखड़ चुकी है और गहरे गड्ढों ने रास्ते को दुर्घटनाओं का कारण बना दिया है। राहगीरों का आरोप है कि संबंधित विभाग और ठेकेदार की लापरवाही के चलते लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है।
जानकारी के अनुसार, इस सड़क का डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड अभी पूरा नहीं हुआ है। ऐसे में निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी बनती है कि सड़क में आई खराबियों को समय रहते दुरुस्त कराया जाए। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत न होना विभागीय निगरानी और ठेकेदार की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। ग्रामीणों और क्षेत्र के लोगों ने मांग की है कि सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि कोई बड़ा हादसा होने से पहले व्यवस्था को सुधारा जा सके।
वर्जन
सड़क अभी डिफेक्ट लाइबिलिटी पीरियड में है और इसकी मरम्मत की जिम्मेदारी ठेकेदार की है। ठेकेदार को कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं, लेकिन उसके बाद भी वह गंभीरता नहीं दिखा रहा। विभाग की ओर से लगातार कार्रवाई की प्रक्रिया अपनाई जा रही है। अब मौसम के ठीक होने का इंतजार किया जा रहा है, जिसके बाद सड़क की मरम्मत का कार्य कराया जाएगा। यदि ठेकेदार ने अब भी लापरवाही बरती तो विभाग जल्द ही उसके खिलाफ अंतिम और सख्त कदम उठाएगा। -वीरेंद्र सिंह, कनिष्ठ अभियंता, लोक निर्माण विभाग