बुखार, आंखों में सूखापन और डायरिया की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में हो रही लगातार बारिश से अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बीके अस्पताल में रोजाना 150 से अधिक मरीज बुखार, आंखों में ड्राइनेस, डायरिया और फंगल इंफेक्शन की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। मौसम में नमी और गंदगी के चलते संक्रमण का खतरा बढ़ गया है। खासकर तला-भुना बाहर का खाना खाने और दूषित पानी पीने से लोग बीमार हो रहे हैं।
मौसमी उतार-चढ़ाव, जंक फूड का अत्यधिक सेवन और बढ़ता प्रदूषण लोगों की बीमारी की प्रमुख वजह बन रहा है। साथ ही, दूषित पानी और साफ-सफाई की कमी भी इन रोगों को बढ़ावा दे रही है। सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मोहित अग्रवाल ने बताया कि इस मौसम में पेट संबंधी संक्रमण आम हो जाता है। लोगों को बाहर के खाने से बचने, साफ पानी पीने और व्यक्तिगत साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।
डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि मौसम में हो रहे बदलाव के चलते खुद को संक्रमण से बचाने के लिए हल्का-फुल्का और ताजा भोजन करें, शरीर को हाइड्रेट रखें और अगर बुखार या पेट दर्द के लक्षण नजर आएं तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की है कि अपने आस-पास पानी न जमा होने दें और स्वच्छता बनाए रखें।