शुक्रवार को दोपहर के बाद अधिकतम तापमान में दर्ज की गई गिरावट
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जिले में शनिवार दोपहर मौसम ने करवट ली और करीब 3 बजे से बारिश शुरू हो गई, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। जिला प्रशासन की ओर से जारी बारिश की रिपोर्ट के अनुसार, शाम 5 बजे तक सबसे अधिक वर्षा धौज क्षेत्र में रिकॉर्ड की गई, जहां 20 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा बड़खल में 10 मिमी, बल्लभगढ़ और गौंच्छी में 7-7 मिमी, दयालपुर में 6 मिमी, फरीदाबाद में 5 मिमी तथा तिगांव में मात्र 1 मिमी बारिश हुई। वहीं मोहना क्षेत्र में बारिश नहीं हुई।
बारिश के दौरान तापमान में गिरावट दर्ज की गई। दोपहर तक अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस था, जो बारिश के बाद घटकर लगभग 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार रविवार व सोमवार को भी बादल छाए रहने तथा हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। रविवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री रहने का अनुमान है, जबकि सोमवार को तापमान 33 डिग्री तक रह सकता है।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि मानसून धीरे-धीरे जिले में सक्रिय हो रहा है, जिससे आने वाले सप्ताह में और भी बारिश हो सकती है। किसानों के लिए यह बारिश फसलों की बुआई में लाभकारी मानी जा रही है।