मंगलवार और बुधवार को झमाझम हुई बारिश, बिजली कटौती की वजह से नहीं हो पा रही थी सिंचाई
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पिछले दो दिनों से हो रही बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली। वहीं, किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। इस बरसात से धान की फसल को अच्छा लाभ मिलेगा। पिछले कई दिनों से बिजली कटौती की वजह से किसान सिंचाई भी नहीं कर पा रहे थे।
मंगलवार को अल-सुबह चार बजे से लेकर दोपहर तक बारिश हुई। वहीं बुधवार को भी सुबह से लेकर देर शाम तक बदरा बरसते रहे। तेज बारिश से मौसम सुहाना हो गया और किसानों के चेहरे पर खुशी देखने को मिली। गांव साहूपुरा, सागरपुर, मंझावली, तिगांव, कोराली आदि गांवों के किसानों का कहना है कि पिछले कई दिनों से बिजली कटौती की वजह से किसानों को परेशानी हो रही थी। खेतों के लिए दिन में सुबह व शाम के समय छह घंटे बिजली दी जाती है, लेकिन लगातार कट लग रहे थे। धान एक ऐसी फसल है, जिसमें सबसे ज्यादा पानी की आवश्यकता होती है। इसलिए यह बरसात किसानों के लिए किसी अमृत से कम नहीं हैं।
कृषि विशेषज्ञों का कहना है कि पानी के अभाव में धान के पौधे पीले पड़ जाते हैं। कुछ किसानों की फसल में बाल आने वाले है। उस दौरान किसानों को यूरिया को डालना पड़ता है, जोकि पानी के अंदर डाला जाता है। बरसात होने से अब धान की फसल को काफी फायदा मिलेगा।