जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को पैसे का इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को इस शैक्षणिक सत्र में अब तक यूनिफॉर्म के पैसे नहीं मिले हैं, जबकि सत्र का एक बड़ा हिस्सा बीत चुका है। छात्रों और अभिभावकों को लंबे समय से इस सहायता राशि का इंतजार था लेकिन अब तक उनके खातों में नहीं पैसे नहीं आए हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से हर साल कक्षा 1 से 8 तक के छात्रों को यूनिफॉर्म खरीदने के लिए प्रतिवर्ष एक निश्चित धनराशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाती है। लेकिन इस बार जुलाई माह समाप्त होने को है और अभी तक अधिकांश छात्रों को यह लाभ नहीं मिल पाया है।
जिला शिक्षा विभाग अधिकारियों ने बताया कि अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह से यूनिफॉर्म की राशि के वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। शिक्षा विभाग ने संबंधित खातों का सत्यापन कार्य लगभग पूरा कर लिया है और धनराशि भेजने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। इस बार छात्रों को पिछली बार की तरह 600 से 1,100 रुपये तक की राशि दी जाएगी, जो कक्षा के अनुसार तय की गई है।
कुछ स्कूल प्राचार्यों का कहना है कि यूनिफॉर्म न होने के कारण कई छात्र सामान्य ड्रेस में स्कूल आ रहे हैं, जिससे अनुशासन पर भी असर पड़ रहा है। यदि समय पर पैसा आ जाए तो छात्र अपनी यूनिफॉर्म समय रहते खरीद सकेंगे। उम्मीद की जा रही है कि विभाग की ओर से जल्द ही छात्रों के खातों में यह राशि भेजी जाएगी।
छात्रों को यूनिफॉर्म खरीदने के लिए दी जाने वाली राशि जल्द ही उनके खातों में भेजी जाएगी। प्रक्रिया अंतिम चरण में है और हम प्रयासरत हैं कि अगस्त के पहले या दूसरे सप्ताह तक यह राशि ट्रांसफर कर दी जाए। विभाग ने खाता सत्यापन का कार्य पूरा कर लिया है, अब किसी प्रकार की देरी नहीं होगी। - अशोक कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी