समाधान शिविरों में नहीं हो रहा निपटारा, लोगों में नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। उपमंडल मुख्यालय पर पिछले डेढ़ महीने से एसडीएम का पद रिक्त होने से क्षेत्र में प्रशासनिक कार्य ठप पड़े हैं। रोजाना अपने जरूरी कामों, प्रमाणपत्रों और शिकायतों के समाधान के लिए आने वाले लोगों को निराश होकर लौटना पड़ रहा है। वहीं, अधिकारियों पर निगरानी की कमी से प्रशासनिक अव्यवस्था बढ़ती जा रही है।
पिछले माह यहां तैनात एसडीएम गुरमीत सिंह भारतीय राजस्व सेवा में चयनित होने के बाद रिलीव हो गए थे। तब से हथीन में स्थायी एसडीएम की नियुक्ति नहीं हो सकी है। फिलहाल होडल की एसडीएम बलिना को हथीन का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है लेकिन वह अपने क्षेत्र के कार्यों में व्यस्त रहने के कारण केवल आवश्यक अवसरों पर ही यहां पहुंच पाती हैं। इससे उपमंडल का प्रशासनिक नियंत्रण लगभग ठप है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कार्यालयों में अधिकारी और कर्मचारी समय पर नहीं पहुंचते, जिससे जनहित कार्य अटक गए हैं। समाधान शिविर, जो हर सोमवार और बृहस्पतिवार को आयोजित होते हैं, एसडीएम की अनुपस्थिति के कारण बेअसर हो गए हैं। इन शिविरों में आने वाले लोग अपनी शिकायतों का समाधान न होने से निराश लौट रहे हैं। हथीन निवासी हाजी जकरिया ने बताया कि जिला उपायुक्त अधिकांश शिकायतें एसडीएम को मार्क कर भेजते हैं, लेकिन पद रिक्त होने से सैकड़ों शिकायतें लंबित हैं। उन्होंने सरकार से तत्काल योग्य अधिकारी की नियुक्ति की मांग की।
भाजपा मंडल महामंत्री हरकेश शर्मा ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से आग्रह किया कि हथीन में शीघ्र पूर्णकालिक एसडीएम नियुक्त किया जाए। वहीं, विधायक मोहम्मद इसराइल चौधरी ने कहा कि जनता की परेशानी को देखते हुए जल्द ही ईमानदार और निष्ठावान अधिकारी की नियुक्ति कराई जाएगी।