अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम के एनआईटी जोन में संयुक्त आयुक्त की कुर्सी इन दिनों लगातार हो रहे तबादलों के कारण चर्चा का विषय बनी हुई है। पिछले दो वर्षों में चार अधिकारियों का स्थानांतरण हो चुका है जिससे प्रशासनिक स्थिरता पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
स्थिति यह है कि किसी भी अधिकारी को छह महीने से अधिक काम करने का मौका नहीं मिल पाया। इस कारण विकास कार्यों की गति प्रभावित हुई है और अवैध निर्माण पर कार्रवाई भी अधूरी रह जाती है। एनआईटी और बड़खल विधानसभा क्षेत्र इस जोन के अंतर्गत आते हैं जहां सैकड़ों कॉलोनियां और बड़ी संख्या में भूमि विवाद तथा अवैध निर्माण के मामले लंबित हैं।
सूत्रों के मुताबिक सख्त कार्रवाई शुरू होते ही अधिकारियों के तबादले हो जाते हैं, जिससे कई अभियान बीच में ही रुक जाते हैं। हाल ही में संयुक्त आयुक्त जितेंद्र जोशी का भी तबादला कर दिया गया जिसके बाद अब नए अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।