यातायात पुलिस प्रवक्ता वीडियो बनाने लगे तो उनसे भी गाली गलौज कर मारपीट की
वारदात का वीडियो वायरल, सेंट्रल थाने की पुलिस मामला दर्ज कर जांच में जुटी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-12 में वाहनों की जांच कर रही पुलिस टीम से कार सवार पांच युवकों ने गाली-गलौज व मारपीट की। दो पुलिसकर्मियों से हो रही हाथापाई देखकर यातायात पुलिस प्रवक्ता एसआई सूबे सिंह यहां रुककर मोबाइल से आरोपियों की वीडियो बनाने लगे। इसी बात पर आरोपियों ने उनसे भी गाली-गलौज व मारपीट की। इसमें एक पुलिसकर्मी चोटिल हो गया। बलेनो कार सवार आरोपी पुलिस की गाड़ी में टक्कर मारकर भाग निकले। पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया तो आरोपियों ने फिर से हंगामा किया। वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि ईएएसआई की शिकायत पर सेंट्रल थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। आरोपियों को पकड़ने के टीम प्रयास कर रही है। आरोपी बल्लभगढ़ के रहने वाले बताए गए हैं।
मामले में एफआईआर के लिए सेंट्रल थाने में ये शिकायत ईआरवी 176, डायल 112 के इंचार्ज कृष्ण कुमार ने दी है। इनका कहना है कि सोमवार की शाम करीब साढे़ चार बजे एसपीओ भूरा सिंह के साथ पेबल डाउन टाउन माल चौक सेक्टर-12 के पास वाहनों को चेक कर रहे थे। तभी एल्डिको माल कि ओर से आए बलेनो कार सवार को रुकने का इशारा किया। आरोप है कि कार सवार ने ब्रेक लगाने की बजाय पुलिस की गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद आरोपी ने कार को धर्मा ढाबा बाटा चौक की ओर भगा लिया। टीम ने पीछा कर कार को धर्मा ढाबे के पास रुकवा लिया। कार से 5 युवक उतरे और टीम के पूछताछ करने पर ईएएसआई और एसपीओ भूरा सिंह के साथ हाथापाई करने लगे। आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मी की वर्दी को पकड़कर खींचा और गाली गलौज की। वारदात के दौरान वहां से गुजर रहे यातायात पुलिस प्रवक्ता एसआई सूबे सिंह रुके और मोबाइल से आरोपियों की वीडियो बनाने लगे। इस पर आरोपियों ने उनसे भी गाली-गलौज व हाथापाई की।
मामला बढ़ता देखकर थाना पुलिस को सूचना दी गई। लेकिन टीम के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर कार में सवार होकर बल्लभगढ़ की ओर कार भगा ले गए। कृष्ण कुमार की शिकायत पर सेंट्रल थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।