राजस्थान का रहने वाला है आरोपी, चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर ठगों को सिम मुहैया कराने व उनके लिए बैंक खाता ऑपरेट करने के आरोप में मोबाइल की दुकान पर काम करने वाले युवक को साइबर क्राइम थाना सेंट्रल की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी राशिद राजस्थान के डीग का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि ये मोबाइल की दुकान पर काम करते हुए साइबर ठगों को सिम मुहैया कराता था। साथ ही उनके खातों में आए रुपयों को एटीएम से निकाल ठगों को देता था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी को 4 दिन के रिमांड पर लेकर टीम पूछताछ कर रही है।
होटल बुकिंग के नाम पर 12.72 लाख रुपये की ठगी को लेकर साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को यह शिकायत सेक्टर-16ए निवासी महिला ने दी थी। महिला के अनुसार वो होटल में कमरा बुकिंग के लिए ऑनलाइन सर्च कर रही थी। तभी उन्हें एक नंबर मिला जिस पर बात की तो कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर व्यक्ति ने बात की। उसने क्रेडिट कार्ड से होटल बुकिंग पेमेंट करने को कहा। क्रेडिट कार्ड न होने के चलते महिला ने यूपीआई के जरिये 30 हजार रुपये की पेमेंट कर दी। ठगों ने यूपीआई के जरिये बुकिंग न होना और 20 प्रतिशत डिस्काउंट न मिलने की बात कही। फिर पेमेंट वापस करने के नाम पर झांसे में लेकर आरोपियों ने महिला के खाते से 1272103 रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने जांच करते हुए अब आरोपी को गिरफ्तार किया है।