अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पंचशील कॉलोनी पार्ट एक में युवक को बेटा कहकर बुलाने का विरोध करने पर चाकुओं से गोदकर हत्या के मामले में तीनों आरोपियों को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। आरोपियों को पूछताछ के लिए चार दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया हैं कि आरोपी बुगा उर्फ गोगा उर्फ अजहर का कुछ माह पहले मृतक आलोक के दोस्त के साथ झगड़ा हो गया था। आलोक ने आरोपी बुगा उर्फ गोगा उर्फ अजहर को धमकाया था। आरोपी के मन में इसपर रंजिश थी। इसी रंजिश में हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।
रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात में प्रयोग चाकू इत्यादि बरामद की जाएंगे। वहीं, घायल शिवम को स्वस्थ होने के बाद मंगलवार को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। दिल्ली के एकता विहार निवासी 21 वर्षीय आलोक चौधरी 8 सितंबर देर रात पंचशील कॉलोनी की मार्केट में अपने दोस्तों से मिलने आया था। तीनों आरोपी आलोक और शिवम को बार-बार बेटा कहकर बुलाने लगे। मृतक व शिवम ने जब इसका विरोध किया तो आरोपियों ने चाकुओं से गोद कर आलोक की हत्या कर दी। शिवम घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर एसीपी सराय देवेंद्र कुमार, एसएचओ पल्ला की टीम, डॉ. मनीषा अपनी एफएसएल के साथ पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त राकेश कुमार आर्य ने डीसीपी क्राइम मुकेश मल्होत्रा
को आरोपियों की धर-पकड़ के आदेश दिए। एसीपी क्राइम अमन यादव के मार्ग दर्शन में कार्रवाई करते हुए क्राइम ब्रांच बदरपुर बॉर्डर प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में टीम ने मामले में संलिप्त तीनों आरोपियों को सोमवार को दिल्ली से काबू किया। एसीपी क्राइम अमन यादव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में मोहम्मद राजा (25), यामिन उर्फ आमीन (23) और बुगा उर्फ गोगा उर्फ अजहर (19) का नाम शामिल है। यामीन उर्फ आमीन उत्तर प्रदेश के एटा जिले के गांव मलगांव का, आरोपी मोहम्मद राजा आरोपी मूल रूप से बिहार के वैशाली जिले के गांव हाजीपुर हाल दिल्ली के बदरपुर के जैतपुर और आरोपी अजहर उर्फ गुगा दिल्ली के जैतपुर की मस्जिद कॉलोनी का रहने वाला है। दोनों पक्ष आसपास के रहने वाले हैं, एक दूसरे को जानते हैं। तीनों आरोपियों को दिल्ली के खजूरी खास से काबू कर फरीदाबाद लाया गया। पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर 4 दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
तीनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस
आरोपी रजा के खिलाफ थाना जैतपुर दिल्ली में दुष्कर्म, पाक्सो एक्ट व लड़ाई झगड़े का मुकदमा दर्ज है। आरोपी अजहर उर्फ गोगा के खिलाफ भी थाना जैतपुर दिल्ली में लड़ाई झगड़े का मुकदमा दर्ज है। आरोपी यामिन के खिलाफ भी थाना जैतपुर दिल्ली में लड़ाई झगड़े का मुकदमा दर्ज है।