वार्ड-29 में की गई कार्रवाई, लंबे समय से मिल रही थी सूचना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। नगर निगम की इंजीनियरिंग शाखा ने सोमवार को वार्ड-29 में अवैध जल दोहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इसके तहत मेवला महाराजपुर मेट्रो स्टेशन के नजदीक स्थित एक खाली प्लॉट में अवैध रूप से चल रहे चार बोरवेल को जेसीबी से उखाड़ दिया।
नगर निगम की टीम को लंबे समय से अवैध बोरिंग की सूचना मिल रही थी। इसके बाद विभाग हरकत में आया और मौके पर टीम भेजकर पूरे प्रकरण की जांच की। सूचना के आधार पर कनिष्ठ अभियंता (वार्ड 29) कृष्ण गोपाल और अजय ने टीम सहित मौके पर पहुंच कर कार्रवाई की।
कनिष्ठ अभियंता कृष्ण गोपाल ने बताया कि इस तरह की अवैध बोरिंग से न केवल भू-जल स्तर प्रभावित होता है, बल्कि यह कानून का उल्लंघन भी है। उन्होंने कहा कि विभाग की यह कार्रवाई इलाके में अवैध जल दोहन पर सख्त नजर रखने का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि अगर आगे भी किसी तरह की अवैध बोरिंग की सूचना मिलती है, तो उसी स्तर पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।