निगम अधिकारियों को क्षेत्र से लगातार मिल रही थीं शिकायतें
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने एनआईटी-1 मार्केट में कार्रवाई करते हुए धुलाई सेंटर संचालित करने वाले 11 प्रतिष्ठानों के पानी के कनेक्शन काट दिए। निगम अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि धुलाई सेंटर वाले बिना अनुमति के पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही बड़े पैमाने पर पानी की बर्बादी हो रही है। सड़क पर वाहनों की भीड़ के कारण जाम की स्थिति बनी रहती है।
नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार भीषण गर्मी और शहर में पेयजल संकट को देखते हुए अवैध पानी कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एनआईटी-1 मार्केट में निरीक्षण के दौरान धुलाई सेंटरों के पानी के कनेक्शन काटे गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध कनेक्शन और पानी की अनावश्यक बर्बादी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, स्थानीय लोगों ने निगम की कार्रवाई का समर्थन करते हुए कहा कि धुलाई सेंटरों के बाहर खड़े वाहनों के कारण पूरे दिन जाम लगा रहता है। सड़क पर पानी बहने से गंदगी भी फैलती है और आने-जाने वाले लोगों को परेशानी होती है। उनका कहना है कि शहर में पानी की कमी के बीच इस तरह पानी का दुरुपयोग रोकना जरूरी है।