बीपीटीपी कॉलोनियों को नगर निगम में जल्द शामिल करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-75 से 89 स्थित बीपीटीपी कॉलोनियों को नगर निगम में जल्द शामिल करने की मांग को लेकर सेक्टर-76 के निवासियों का एक प्रतिनिधिमंडल बुधवार को चंडीगढ़ पहुंचा। यहां प्रतिनिधिमंडल ने जिला नगर योजनाकार अमित खत्री से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
इसके बाद नगर निगम कमिश्नर से बात की, जहां कमिश्नर ने तीन दिन के अंदर कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। इस दौरान हरियाणा सरकार के राज्य मंत्री राजेश नागर भी मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कॉलोनियों में टूटी सड़कें, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं की भारी कमी है, जिससे स्थानीय निवासियों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा से भी मुलाकात कर कॉलोनियों की बदहाल स्थिति और शीघ्र कार्रवाई की मांग रखी। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर ने तुरंत संज्ञान लेते हुए तीन दिन के अंदर कमेटी गठित करने के दिशा निर्देश दिए। जल्द ही सभी कार्यों का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
डीटीपी अमित खत्री ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि कॉलोनियों को नगर निगम में शामिल करने की प्रक्रिया पर काम शुरू हो चुका है। हालांकि, इसमें कम से कम छह महीने का समय लगेगा। उन्होंने बताया कि बिल्डर और निवेशकों के बीच हुए एग्रीमेंट के तहत जिन कार्यों की जिम्मेदारी बिल्डर की है, उनकी सूची तैयार की जा रही है। बिल्डर की ओर से अधूरे छोड़े गए कार्य पूरे कराए जाएंगे, जिसके बाद ही कॉलोनियों को नगर निगम में शामिल किया जाएगा।