बाइक सवार बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। गांव सीकरी में यूपी कोसीकलां के रहने वाले एक ज्वेलर्स से बाइक सवार बदमाशों ने एक लाख रुपये और सोने -चांदी के जेवरात से भरा बैग लूट लिया। पीड़ित रात को दुकान बंद करने के बाद कार में सवार होकर घर जा रहे थे। तभी तीन बदमाश आए और वारदात को अंजाम दिया। थाना सेक्टर 58 पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
यूपी कोसीकलां के रहने वाले महेश सोनी ने बताया कि वह 30 साल से गांव सीकरी के बाजार में अपनी ज्वेलर्स की दुकान चला रहे हैं। बुधवार की शाम को 7 बजे राकेश सोनी दुकान को बंद करके घर जाने लगे। उनके पास एक लाख रुपये और सोने चांदी के आभूषणों से भरा बैग था। महेश सोनी जैसे ही कार में बैठे तभी बाइक पर सवार होकर तीन बदमाश आए । जिनमें से एक बाइक चला रहा था और दो उसके पीछे बैठे हुए थे। दो बदमाश बाइक से नीचे उतरे और तमंचे से कार का शीशा तोड़ दिया। जिसके बाद महेश सोनी से हथियार के बल पर बैग छीन लिया। उसके बाद सभी आरोपी बाइक पर सवार होकर भाग गए।
कार का शीशा टूटने की वजह से दुकानदार महेश सोनी को चोट आई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया है। सीसीटीवी कैमरों में पाया कि दो बदमाश रेकी कर रहे हैं। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि जल्द ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।