आठ जनवरी तक सर्दी से राहत मिलने के आसार कम, सुबह और शाम के समय हल्की धुंध छाने की भी संभावना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के लोग इस समय पहाड़ी इलाकों से आ रहे ठंडी हवाओं का सामना कर रहे हैं। पिछले कई दिनों से धूप नहीं निकल रही थी। इसकी वजह से लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल रही थी। सोमवार को लोगों का इंतजार खत्म होता नजर आया। आसमान साफ रहा और गुनगुनी धूप ने लोगों को कुछ हद तक राहत दी।
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान चार डिग्री तक का आ गया, जो रविवार के मुकाबले एक डिग्री कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से लेकर शाम तक चली हल्की ठंडी हवाओं ने भी लोगों को काफी परेशानी किया। हालांकि अन्य दिनों की तुलना में आसमान देखने को मिला।
मौसम विभाग ने जिले के लिए कोल्ड वेव का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आठ जनवरी तक ऐसा ही मौसम रहेगा। इसकी वजह से लोगों को सर्दी से राहत मिलने के कम आसार नजर आ रहे हैं। आने वाले दिनों में भी तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। इसके अलावा वैज्ञानिकों ने सुबह और शाम के समय हल्की धुंध छाने की भी संभावना जताई है।
हवा के चलते प्रदूषण स्तर में हुआ सुधार
पिछले कुछ दिनों से चल रही ठंडी हवाओं ने जनजीवन को काफी हद तक प्रभावित किया है। हालांकि, ठंड के साथ आई तेज हवाओं की वजह से प्रदूषण के स्तर में सुधार भी देखने को मिला है। करीब दो हफ्ते बाद शहर की हवा कुछ हद तक साफ हुई है। वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 से नीचे दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार सोमवार को बल्लभगढ़ का एक्यूआई 181 और फरीदाबाद का एक्यूआई 185 दर्ज किया गया है। लंबे समय बाद शहरवासियों को प्रदूषण से राहत मिली है। साफ हवा के चलते लोगों ने राहत की सांस ली है। इससे बच्चों, बुजुर्गों और सांस की बीमारी से पीड़ित लोगों को राहत पहुंची है।