उमस भरी गर्मी ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में चिलचिलाती धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। रविवार को दिनभर तेज धूप और हवा की कमी के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ा। उमस इतनी अधिक रही कि लोग बार-बार पसीना पोंछने को मजबूर हो गए। कूलर और पंखों के सामने बैठने के बावजूद लोगों को राहत नहीं मिल सकी।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सोमवार को अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। विभाग ने अगले दो दिनों में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान जताया है। ऐसे में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
रविवार सुबह से ही आसमान साफ रहा और तेज धूप लोगों को चुभती रही। हवा नहीं चलने के कारण गर्मी का असर और अधिक महसूस हुआ। धूप और उमस के कारण लोगों के शरीर से पसीने के रूप में पानी तेजी से निकलता रहा। इससे बचाव के लिए लोगों ने ठंडे पेय पदार्थों, पानी और अन्य तरल पदार्थों का सहारा लिया।
दोपहर के समय बाजारों और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम चहल-पहल दिखाई दी। केवल जरूरी काम से निकलने वाले लोग ही सड़कों पर नजर आए। गर्मी के कारण अधिकांश लोग घरों और कार्यालयों में ही रहने को मजबूर रहे।
लोगों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गर्मी और उमस दोनों का असर बढ़ गया है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है।