संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मेवला महाराजपुर के आगे सेक्टर- 28 के पास शनिवार दोपहर करीब एक बजे ऑटो एक गाड़ी से टकरा गया। ऑटो में पांच सवारियां बैठी थीं। इस दौरान 2 सवारी व ऑटो चालक को अधिक चोट आई। ऐसे में बीके अस्पताल में घायल संजय इलाज के लिए पहुंचे, लेकिन उनका आरोप है कि अस्पताल में सही से उपचार नहीं किया गया।
घायल संजय मेवला महाराजपुर में रहते हैं। उन्होंने बताया कि जिस गाड़ी से ऑटो टकराया था, वहीं सभी को अस्पताल लेकर पहुंचा था। अस्पताल में केवल टांके लगाकर और पट्टी कर दी गई। उन्हें काफी दर्द है, लेकिन चिकित्सकों ने उन्हें कोई दवा नहीं दी और न ही कोई दर्द कम करने का टीका लगाया।
उन्होंने बताया कि घटना के दौरान उनकी जेब से ढाई हजार रुपये भी कहीं गिर गए। उनके पास निजी अस्पताल में इलाज कराने के लिए रुपये भी नहीं है। उन्होंने कहा कि अस्पताल की ओर से उन्हें सही उपचार नहीं मिला। अब उन्हें निजी अस्पताल में उपचार कराना पड़ेगा।