फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Faridabad News: सौर ऊर्जा से जगमग होगा औद्योगिक जिला, मंडियों में सोलर पावर प्लांट लगेंगे

विज्ञापन
विज्ञापन
हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने 5.51 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की, ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा
विज्ञापन

अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। औद्योगिक जिले फरीदाबाद में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में तेजी से काम हो रहा है। जिले में करीब 15 हजार सोलर कनेक्शन लगाने का लक्ष्य रखा गया है जबकि सरकारी इमारतों और अनाज मंडियों को भी सौर ऊर्जा से जोड़ने की योजना पर काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने जिले की मंडियों में सोलर पावर प्लांट लगाने के लिए करीब 5.51 करोड़ रुपये की परियोजना तैयार की है।

इस योजना के लागू होने के बाद फरीदाबाद की प्रमुख अनाज मंडियां सूर्य की रोशनी से रोशन होंगी और बिजली के खर्च में भी बड़ी कमी आएगी। साथ ही जिले में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा मिलेगा जो औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण पर्यावरण के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।
विज्ञापन


जिले में सोलर ऊर्जा को बढ़ावा देने की पहल

सरकार की ओर से फरीदाबाद में सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विभागीय आंकड़ों के अनुसार जिले में अब तक 1044 सोलर कनेक्शन लगाए जा चुके हैं। इनमें एनआईटी क्षेत्र में 123, ओल्ड फरीदाबाद में 354, बल्लभगढ़ में 366 और ग्रेटर फरीदाबाद में 231 कनेक्शन शामिल हैं। आने वाले समय में यह संख्या तेजी से बढ़ने की संभावना है। जिला प्रशासन और ऊर्जा विभाग का लक्ष्य है कि अधिक से अधिक घरों, संस्थानों और सरकारी भवनों में रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाए जाएं।

मंडियों में लगेंगे सोलर पावर प्लांट

इसी दिशा में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड ने मंडियों को ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की योजना तैयार की है। इसके तहत फरीदाबाद की विभिन्न अनाज मंडियों और मार्केट कमेटियों के भवनों तथा बड़े शेड की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे। परियोजना पर करीब 5.51 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सोलर पैनलों की सप्लाई, इंस्टालेशन, टेस्टिंग और कमिशनिंग का काम एजेंसियों के माध्यम से कराया जाएगा।

मंडियों में बड़े पीईबी शेड और भवन होने के कारण छतों पर पर्याप्त जगह उपलब्ध है। इन खाली छतों का उपयोग अब बिजली उत्पादन के लिए किया जाएगा। इससे मंडियों में दिन के समय होने वाले अधिकांश काम सौर ऊर्जा से संचालित हो सकेंगे।

सात महीने में पूरा होगा प्रोजेक्ट

विभागीय जानकारी के अनुसार इस परियोजना को पूरा करने के लिए सात महीने की समय सीमा तय की गई है। काम अलॉट होने के बाद संबंधित एजेंसी साइट सर्वे कर उपलब्ध जगह के आधार पर सोलर प्लांट की क्षमता तय करेगी। इसके बाद चरणबद्ध तरीके से पैनल लगाए जाएंगे।

किसानों और व्यापारियों को मिलेगा फायदा

मंडियों में सोलर प्लांट लगने से किसानों और व्यापारियों को भी सीधा लाभ मिलेगा। रात के समय बेहतर रोशनी मिलने से मंडियों में काम करना आसान होगा और सुरक्षा व्यवस्था भी मजबूत होगी। इसके अलावा बिजली कटौती की स्थिति में भी मंडियों में जरूरी काम प्रभावित नहीं होंगे। तौल, बोली और माल लोडिंग जैसे कार्यों के लिए पर्याप्त रोशनी और बिजली उपलब्ध रहेगी।

बिजली बिल में आएगी बड़ी कमी

मंडी समितियों को हर महीने बिजली बिल पर बड़ी राशि खर्च करनी पड़ती है। सोलर सिस्टम लगने के बाद यह खर्च काफी कम हो जाएगा। बची हुई राशि को मंडियों में सड़क, शेड, पेयजल और अन्य सुविधाओं के विकास पर खर्च किया जा सकेगा। ऊर्जा विशेषज्ञों का कहना है कि सौर ऊर्जा का उपयोग लंबे समय में आर्थिक रूप से भी लाभकारी साबित होता है। एक बार सिस्टम स्थापित होने के बाद यह वर्षों तक कम लागत में बिजली उपलब्ध कराता है।

सरकारी भवनों में भी लगेगा सोलर सिस्टम

जिले में आने वाले समय में सरकारी कार्यालयों की इमारतों पर भी सोलर सिस्टम लगाने की योजना है। इससे सरकारी संस्थानों का बिजली खर्च कम होगा और ऊर्जा बचत को बढ़ावा मिलेगा। फरीदाबाद और पलवल जिलों के लिए संयुक्त रूप से करीब 27 हजार सोलर कनेक्शन लगाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं पूरे हरियाणा में वर्ष 2026-27 तक करीब 2.2 लाख रूफ टॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
विज्ञापन


सात साल तक रखरखाव की जिम्मेदारी
परियोजना की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सोलर पैनल और इनवर्टर की प्री-इंस्पेक्शन कार्यकारी अभियंता (विद्युत) द्वारा की जाएगी। प्लांट लगाने वाली एजेंसी को सात साल तक व्यापक रखरखाव की जिम्मेदारी भी निभानी होगी। साथ ही मंडी स्टाफ को सोलर सिस्टम के संचालन और रखरखाव का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा ताकि भविष्य में किसी तकनीकी समस्या का समाधान स्थानीय स्तर पर ही किया जा सके।


फरीदाबाद में सोलर प्रोजेक्ट को लेकर तेजी से काम किया जा रहा है। लगातार लोगों को कनेक्शन दिए जा रहे हैं। -जितेंद्र ढुल, अधीक्षक अभियंता बिजली निगम
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें