महिला के परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, शव पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ क्षेत्र की सुभाष कॉलोनी में रहने वाली 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध हालात में मौत के बाद पति उसका अंतिम संस्कार चुपचाप कर रहा था। परिजनों ने पति पर हत्या का आरोप लगाया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर श्मशान घाट में चिता से शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया।
27 वर्षीय मृतका गुंजा बिहार के जिला वैशाली के माल गांव की रहने वाली थी। करीब चार साल पहले उसकी शादी बिहार के ही जिला लखीसराय के गांव शंकर महला निवासी दीपक से हुई थी। शादी के बाद दीपक अपनी पत्नी को लेकर बल्लभगढ़ आ गया। दीपक पहले अपनी बहन के साथ उसके घर पर रहता था लेकिन एक साल पहले उसने अपना मकान बना लिया। उसमें पति व पत्नी दोनों रहते थे।
पहले करता था नौकरी
जानकारी के अनुसार शादी के समय दीपक कंपनी में नौकरी करता था। उसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी और सुभाष कॉलोनी में जूस की रेहड़ी लगानी शुरू कर दी। उसकी पत्नी गुंजा भी उसके साथ काम में हाथ बंटाती थी। मृतका की बहन प्रीति ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही दीपक दहेज की मांग को लेकर गुंजा को प्रताड़ित करता था। वह न केवल उसे मायके जाने से रोकता था, बल्कि उसके चरित्र पर भी शक करता था। प्रीति के अनुसार सोमवार रात पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। अगले दिन पड़ोसियों ने फोन कर सूचना दी कि गुंजा की मौत हो गई है और दीपक उसका अंतिम संस्कार श्मशान घाट में कर रहा है।
श्मशान घाट से उठाया पुलिस ने शव
बहन प्रीति और उसका पति हीरालाल सूचना मिलने पर श्मशान घाट पहुंचे। जहां उन्होंने देखा कि चिता पर लकड़ी रखी जा चुकी थी और अंतिम संस्कार की तैयारी की जा रही थी। दीपक से मौत का कारण पूछा तो वह उनको कोई सही से जवाब नहीं दे पाया। जिस पर परिजनों को शक हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। आदर्श नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चिता से उठाकर पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। प्रीति का आरोप है कि दीपक ने उसकी बहन की हत्या कर दी और सच्चाई छुपाने के लिए जल्दबाजी में अंतिम संस्कार कर रहा था।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि महिला के परिजनों की ओर से दहेज हत्या का शक जताया है। शव का पोस्टमार्टम बृहस्पतिवार को होगा।