संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों और पॉलिटेक्निक कॉलेज में इस बार हर घर तिरंगा अभियान और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का आयोजन किया जाएगा। उच्च शिक्षा निदेशालय ने जिले के समन्वयकों और राष्ट्रीय सेवा योजना इकाइयों को युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए हैं।
हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक संचालित होगा। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने की थीम पर आधारित इस उत्सव के दौरान शहर में बाइक, ई-बाइक, साइकिल व पैदल तिरंगा रैलियां निकाली जाएंगी। कॉलेजों में निबंध, वाद-विवाद, रंगोली, पोस्टर मेकिंग और देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सरकारी इमारतों को सजाया जाएगा। साथ ही सेल्फी विद तिरंगा पोर्टल पर फोटो अपलोड कराई जाएंगी।
वहीं, 14 अगस्त को विभाजन के दौरान अपने प्राण गंवाने और विस्थापित हुए लोगों की याद में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया जाएगा। निदेशालय ने सभी संस्थानों को कार्यक्रमों की तस्वीरें व रिपोर्ट तुरंत ईमेल के माध्यम से भेजने के निर्देश दिए हैं।