फरीदाबाद। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान चलाया जाएगा। वहीं 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान की तैयारियों को लेकर हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में उपायुक्त आयुष सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने बताया कि अभियान के तहत जिले में तिरंगा यात्राएं, बाइक और साइकिल रैलियां, सेल्फी विद तिरंगा अभियान, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सरकारी भवनों पर तिरंगा सजावट की जाएगी। इस साल वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सामूहिक गायन भी विशेष आकर्षण रहेगा। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के तहत प्रदर्शनी, डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन, व्याख्यान, अनुभव साझा कार्यक्रम, नाट्य मंचन, मौन श्रद्धांजलि और कैंडल मार्च आयोजित किए जाएंगे। विभाजन से प्रभावित परिवारों की स्मृतियों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विशेष कार्यक्रम भी होंगे। जिले के सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में देशभक्ति विषयक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। ब्यूरो