लावारिस पशुओं का रहता है जमावड़ा, चारों ओर गंदगी फैली हुई है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-89 स्थित पुरी लैवेंडर सोसाइटी के पीछे बनी ग्रीन बेल्ट की हालत काफी जर्जर हो चुकी है। ग्रीन बेल्ट में लावारिस पशुओं का जमावड़ा लगा रहता है, वहीं चारों ओर गंदगी फैली हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात्रि के समय यहां असामाजिक तत्व नशा करते हैं, जिससे क्षेत्र में भय का माहौल बना रहता है।
आरडब्ल्यूए प्रधान संजय रावत व निवासी आशीष गौड़ ने बताया कि ग्रीन बेल्ट में नियमित सफाई नहीं होने के कारण दुर्गंध फैलती रहती है। इससे आसपास रहने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। सुबह-शाम टहलने वाले बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह स्थान असुरक्षित होता जा रहा है। निवासी जितेंद्र, प्रियंका व विक्रम ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकाला गया है। न तो ग्रीन बेल्ट की सफाई कराई जा रही है और न ही इसके विकास की दिशा में कोई कदम उठाया गया है।
निवासी रोहताश और मुकेश ने प्रशासन से मांग की है कि ग्रीन बेल्ट को विकसित किया जाए, नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो भविष्य में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है।