कोई व्रत रखकर कर रहा सूर्यदेव की उपासना तो कोई प्रसाद बांटकर और घाट सजाकर दे रहा योगदान
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा अब केवल पूर्वांचल तक सीमित नहीं रह गया है। इसकी आस्था और सांस्कृतिक महत्व ने अलग-अलग समुदायों के लोगों को भी अपने साथ जोड़ लिया है। शहर में कई ऐसे परिवार हैं, जो पूर्वांचल की परंपरा से जुड़े नहीं होने के बावजूद छठ महापर्व को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं।
महिलाएं विधि-विधान से छठ व्रत रखकर सूर्यदेव और छठी मैया की आराधना कर रही हैं तो कोई प्रसाद वितरण, घाट की सफाई और सजावट में सहयोग देकर इस पर्व का हिस्सा बन रहा है। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रहने वाली पंजाबी, ठाकुर और पंडित समुदाय की महिलाएं भी छठ पूजा में विशेष रुचि ले रही हैं। उनका कहना है कि छठ महापर्व केवल एक समुदाय का त्योहार नहीं, बल्कि प्रकृति, परिवार, स्वास्थ्य और सामाजिक एकता का संदेश देने वाला पर्व है। इस पर्व में शामिल होकर उन्हें आध्यात्मिक शांति और सामाजिक जुड़ाव का अनुभव होता है।
प्रसाद सेवा और घाट की तैयारी में भी जुटे लोग
छठ पूजा के आयोजन में दूसरे समुदायों के पुरुष भी बढ़-चढ़कर सहयोग कर रहे हैं। कोई व्रतियों के लिए प्रसाद तैयार करने और वितरण की जिम्मेदारी संभाल रहा है तो कोई घाट की सफाई, सजावट और व्यवस्थाएं दुरुस्त करने में जुटा है। प्रसाद वितरण में सहयोग कर रहे एक व्यक्ति ने बताया कि छठ व्रतियों की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। वह हर साल श्रद्धालुओं को प्रसाद बांटकर इस पर्व की खुशियों में शामिल होते हैं। वहीं घाट की तैयारी में जुटे ब्रिजेश ने बताया कि छठ पूजा में हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में घाट की सफाई, रोशनी और व्यवस्था में सहयोग देना सामाजिक जिम्मेदारी है। इससे सभी समुदायों के बीच आपसी भाईचारा मजबूत होता है।
महिलाओं से बातचीत
छठ पूजा हमारी पारिवारिक परंपरा और आस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसमें अनुशासन, पवित्रता और प्रकृति के प्रति सम्मान का भाव जुड़ा है। - मंजू तिवारी
छठ पूजा में व्रत रखने और सूर्यदेव को अर्घ्य देने की परंपरा उन्हें काफी प्रभावित करती है। वह इसे आस्था और समर्पण का पर्व मानती हैं। - आरती भाटी
छठ पूजा में शामिल होकर हमें अलग तरह की आध्यात्मिक अनुभूति होती है। यह पर्व लोगों को आपस में जोड़ने का काम करता है। - पूनम भाटिया
छठ महापर्व में सूर्य और जल की उपासना के साथ प्रकृति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। यही वजह है कि इस पर्व को श्रद्धा से मनाती हूं। - कोमल दीक्षित