अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। प्रतापगढ़ में स्थित डंपिंग स्टेशन को लेकर करीब डेढ़ साल से स्थानीय लोगों व निगम के बीच विवाद चल रहा है। स्थानीय लोग इलाके में बने डंपिंग स्टेशन पर कचरा डालने का विरोध कर रहे हैं। उनका कहना है कि कचरे के कारण उन्हें काफी परेशानी हो रही है। बुधवार को कुछ अलग ही नजारा देखने को मिला। कचरे से लदे डंपरों के आगे पुलिस की वैन चल रही थी, वहीं डंपरों के बीच बस में पुलिस बल मौजूद था।
स्थानीय निवासी दीपक ने जानकारी देते हुए बताया कि डंपिंग स्टेशन सोसाइटी की दीवार से लगकर बना हुआ है। इसको लेकर एनजीटी में सुनवाई भी चल रही है। आपको बताते चलें कि डंपिंग स्टेशन का विरोध लोग लंबे समय से कर रहे हैं। पिछले कई दिनों से लोग डंपिंग स्टेशन की तरफ जाने वाले रास्ते पर धरना दे रहे थे जिन्हें पुलिस ने 17 जून को ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में हटवा दिया था।