संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेले में हस्तशिल्प और सजावटी सामान के साथ पंचकूला की इत्र भी लोगों को आकर्षित कर रही है। मोंगरा, चंदन, चमेली, गुलाब और केसर की खुशबू वाली इत्र की खरीदारी के लिए लोग स्टॉल पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा यहां रूम फ्रेशनर, कार फ्रेशनर और कान्हा की आकर्षक पोशाकें भी उपलब्ध हैं। पंचकूला से अपने उत्पाद लेकर पहुंचे उमेश ने बताया कि वह अपनी बहन नेहा के साथ मिलकर यह काम करते हैं। उनके अनुसार, इत्र और अन्य उत्पाद हाथों से तैयार किए जाते हैं और इन्हें बनाने में प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल किया जाता है। उनका दावा है कि उत्पादों में केमिकल का इस्तेमाल नहीं किया जाता। फूलों की खुशबू से तैयार इत्र लोगों को खासा पसंद आ रहे हैं।