2022 से की जा रही है मांग, अब तक नहीं हुई सुनवाई
भारती दुबे
फरीदाबाद। शहर में बीते चार साल से अग्निशमन विभाग हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी की मांग कर रहा है। जिससे शहर में बनी ऊंची इमारतों पर लगी आग को बुझाया जा सके। हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी 15 से 20 मंजिल से ऊंची इमारतों में लगी आग पर काबू पा सकती है।
अग्नि सुरक्षा अधिकारी यादवेंद्र ने बताया कि वर्ष 2022 से मुख्यालय, पंचकुला में हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक हमारी सुनवाई नहीं की गई है। हालांकि इस पर विचार किया जा रहा है।
2022 से पहले गुरुग्राम से आती थी गाड़ी, अब वह भी खराब
उन्होंने बताया कि वर्ष 2022 से पहले शहर में आग लगने पर गुरुग्राम में सूचना देनी पड़ती थी। जिसके बाद वहां के कर्मचारी तुरंत हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी लेकर फरीदाबाद आते थे। जबकि खतरा उस समय भी था, गुरुग्राम से गाड़ी पहुंचने में काफी समय लगता था। जाम और अन्य दिक्कतों का कारण गाड़ी को आने में देरी हो जाती थी। तब तक सारा सामान जलकर राख हो जाता था। हालांकि वर्ष 2022 में गुरुग्राम में मौजूद हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी खराब हो गई, जिसके बाद अब तक गुरुग्राम में भी कोई हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी नहीं आई है।
आग लगने के बाद ऊपर फ्लैट में रह रहे लोगों के लिए खतरा
नीचे वाले फ्लैट में आग लगने के बाद फ्लैट की दीवारें कमजोर हो जाती है। लोहे के सरिया जलने से वे कमजोर हो जाते हैं, जिसके बाद ऊपर के फ्लैटों में रह रहे लोगों के लिए दिक्कत हो जाती है। जिस फ्लैट में आग लगती है, उनका मालिक पेंट करवाकर फिर रहने लगता है, लेकिन असलियत में जिसपर विचार करना चाहिए उस ओर कोई ध्यान नहीं देता। विभाग के पास करीब 25 दमकल गाड़ियां हैं, लेकिन मौजूदा व्यवस्थाएं तेजी से बढ़ती हाईराइज इमारतों के हिसाब से नाकाफी साबित हो रही हैं। 25 दमकल गाड़ियां केवल चौथी मंजिल पर लगी आग पर काबू पा सकता है। इसके बाद निवासियों की सुरक्षा राम भरोसे है।
-
वर्जन
हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी की मांग को लेकर मुख्यालय को पत्र भेजा गया है, ताकि हाईराइज इमारतों में आग की घटनाओं से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। उम्मीद है कि जल्द ही इस पर विचार कर शहर को हाइड्रोलिक दमकल गाड़ी मिलेगी। -यादवेंद्र, अग्नि सुरक्षा अधिकारी