- सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय में अव्यवस्था
वेंटिलेशन और कूलिंग व्यवस्था न होने से छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-16 स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय की कक्षाओं में लगे पंखे लंबे समय से बंद पड़े हैं। पर्याप्त वेंटिलेशन और कूलिंग व्यवस्था न होने से छात्र-छात्राएं पसीने से तरबतर होकर कक्षाओं में बैठने को मजबूर हैं।महाविद्यालय के पड़ताल करने पर पता चला कि न केवल पंखे बंद पड़े हैं, बल्कि कई क्लासरूम की दीवारें भी जर्जर हो चुकी हैं। जगह-जगह प्लास्टर झड़ रहा है और दीवारों पर सीलन के निशान साफ देखे जा सकते हैं। इससे न केवल पढ़ाई प्रभावित हो रहा है बल्कि छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
छात्रों का कहना है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। उन्होंने कहा कि कक्षाओं में बैठना किसी सजा से कम नहीं लगता है। वहीं, शिक्षकों का भी मानना है कि सुविधाओं की कमी के कारण पढ़ाई का स्तर प्रभावित हो रहा है। अभिभावकों का कहना है कि उच्च शिक्षा संस्थानों में इस तरह की स्थिति होना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है। यदि समय रहते सुधार नहीं किए गए तो पढ़ाई पर सीधा असर पड़ेगा।
क्लासरूम में पंखे बंद हैं और दीवारों से सीलन टपक रही है। इतनी गर्मी और उमस में पढ़ाई पर ध्यान लगाना बहुत मुश्किल हो जाता है। हमने कई बार शिकायत की लेकिन अभी तक कोई सुधार नहीं हुआ।- शिवानी, छात्रा, बीबीए
दिनभर पसीने से तरबतर रहना पड़ता है। कभी-कभी तो हालात ऐसे हो जाते हैं कि क्लास छोड़नी पड़ती है। अगर प्रशासन समय रहते मरम्मत नहीं करेगा तो हमारी पढ़ाई पर सीधा असर पड़ेगा।- अदित्य, छात्र, बीकॉम