फरीदाबाद। अक्तूबर 2022 में ओआरजी अस्पताल में सीवर सफाई कार्य के दौरान जान गंवाने वाले चार मैनुअल सीवर/सीवेज सफाईकर्मियों के परिजनों को प्रशासन की ओर से मुआवजा प्रदान किया गया है। सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उपमंडल आयुक्त से प्राप्त विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर प्रत्येक मृतक के परिवार को 25-25 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई है।
प्रवक्ता के अनुसार, 5 अक्तूबर 2022 को सेक्टर-16 स्थित ओआरजी अस्पताल में सीवर की सफाई के दौरान विशाल, रवि गोलदार, रवि और रोहित की दुखद मृत्यु हो गई थी। इस संबंध में उसी दिन एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रशासन की ओर से बताया गया कि सभी मृतक कर्मचारियों के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा राशि का भुगतान कर दिया गया है। इससे पीड़ित परिवारों को आर्थिक राहत मिली है। फरीदाबाद प्रशासन ने संबंधित विभागों और अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भविष्य में सीवर और अन्य जोखिमपूर्ण कार्यों में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में मुआवजा और पुनर्वास से संबंधित प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं। संवाद