अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। जल संकट और गिरते भूजल स्तर से जूझ रहे फरीदाबाद के लिए राहत की खबर है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) ने जिले के नंगला माजरा चांदपुर गांव में 15.29 एकड़ क्षेत्रफल में झील (वाटर बॉडी) बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत प्राथमिक चरण में भूमि से अतिरिक्त मिट्टी हटवाने के लिए कागजी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है ताकि झील के लिए पर्याप्त जगह बनाई जा सके।
परियोजना पूरी होने के बाद यह झील वर्षा जल के संरक्षण में बड़ी भूमिका निभाएगी। इसका सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि मानसून के समय बारिश का पानी बहकर बर्बाद नहीं होगा, बल्कि इसी झील में एकत्रित किया जाएगा। इससे आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर में सुधार आएगा जो फरीदाबाद जैसे औद्योगिक और शहरी जिले के लिए जरूरी है।
पानी बचाने का अनूठा प्रयास : नंगला माजरा चांदपुर गांव की यह झील न केवल जल संचयन के लिए उपयोगी होगी, बल्कि यह गांव और शहर के लिए प्राकृतिक जल भंडारण केंद्र के रूप में काम करेगी। झील बनने से आसपास के किसानों को सिंचाई के लिए पानी मिलेगा और उद्योगों को भी जल का वैकल्पिक स्रोत मिल सकता है।