शिक्षा विभाग ने जारी की स्कूलों की सूची
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले के 22 निजी स्कूलों के लिए राहत की खबर है। शिक्षा विभाग ने इन स्कूलों की सत्र 2026-27 की अस्थायी रूप से संबद्धता बढ़ा दी है। इन स्कूलों को पिछले सत्र 2025-26 में भी हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड से संबद्धता मिली थी। अब नए सत्र में भी इन स्कूलों में निर्धारित कक्षाओं की पढ़ाई और बोर्ड से जुड़ी प्रक्रिया जारी रह सकेगी। माध्यमिक शिक्षा निदेशालय हरियाणा की ओर से स्कूलों की सूची जारी कर संबद्धता की प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए हैं। जारी सूची में पचगांव, फर्रुखनगर, सोहना, दौलताबाद, झारसा, भोंडसी, भोड़ाकला, रोजेंद्र पार्क, घोसगढ़, रतन विहार और कृष्ण नगर सहित जिले के अलग-अलग क्षेत्रों के निजी स्कूल शामिल हैं। इनमें कुछ स्कूलों को 10वीं तक और कुछ स्कूलों को 12वीं तक संबद्धता दी गई हैं।
पोर्टल के माध्यम से जमा होगी फीस
बोर्ड को निर्देश दिए गए हैं कि सूची में शामिल स्कूलों के लिए पोर्टल खोला जाए, ताकि वे बोर्ड के नियमों के अनुसार 2026 -27 की संबद्धता फीस जमा करा सकें। इसके अलावा यदि किसी स्कूल का नाम सूची में नहीं हैं, लेकिन उसके पास 2025-26 की बोर्ड संबद्धता या पहले की मान्यता का प्रमाण है तो वह भी आवेदन कर सकेगा।
नहीं छूटेगी छात्रों की परीक्षा
निर्देशों में विद्यार्थियों के लिए भी व्यवस्था की गई है। यदि किसी निजी स्कूल की संबद्धता नहीं बढ़ने के कारण कोई विद्यार्थी की परीक्षा नहीं छूटेगी। वहां के संबंधित जिला शिक्षा अधिकारी उसे नजदीकी सरकारी स्कूल से बोर्ड परीक्षा देने की अनुमति सुनिश्चित करेंगे। इसके लिए निजी स्कूल से विद्यार्थी के जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे और बोर्ड के नियमों के अनुसार फीस जमा कराई जाएगी।
निजी स्कूलों को मान्यता के लिए आवेदन करने के लिए शिक्षा विभाग की ओर से ‘प्राइवेट स्कूल पोर्टल हरियाणा’ बनाया गया है। स्कूल संचालकों को पोर्टल पर जाकर अपना नाम और मोबाइल नंबर दर्ज कर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पोर्टल पर स्कूल के लिए यूजर आईडी जनरेट होगी, जिसके माध्यम से आगे मान्यता के लिए आवेदन किया जा सकेगा। -बलवान, शिक्षा विभाग, गुरुग्राम