- नॉर्थ जोनल सीबीएसई चैंपियनशिप में लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हिमाचल प्रदेश के सोलन में आयोजित होने जा रही नॉर्थ जोनल सीबीएसई टेनिस चैंपियनशिप में इस बार जिले के 6 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे। यह प्रतियोगिता 19 जुलाई से शुरू होकर 26 जुलाई तक चलेगी।
जानकारी के मुताबिक इस चैंपियनशिप में देश के उत्तरी क्षेत्र के कई बेहतरीन खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। फरीदाबाद के खिलाड़ियों का चयन उनके शानदार प्रदर्शन के आधार पर किया गया है और उनसे इस प्रतियोगिता में मेडल जीतने की पूरी उम्मीद है।
खिलाड़ियों को जीत का मंत्र देने और उनकी कमियों को सुधारने के लिए विशेष ट्रेनिंग दी जा रही है। टेनिस कोच संजय ने बताया कि चैंपियनशिप की तैयारियों को लेकर सभी खिलाड़ी काफी उत्साहित हैं। फिलहाल ये सभी खिलाड़ी सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर में कड़ी मेहनत कर रहे हैं और जमकर अभ्यास में जुटे हैं। कोच संजय ने भरोसा जताया है कि खिलाड़ी हिमाचल में अच्छा प्रदर्शन कर जिले और अपने स्कूल का नाम रोशन करेंगे।