हरियाणा ओलंपिक में जिले की झोली में अब तक आए 21 पदक
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर के सेक्टर-12 स्थित खेल परिसर और सेक्टर-31 के इंडोर स्टेडियम में चल रहे हरियाणा ओलंपिक के मुकाबलों में बृहस्पतिवार का दिन खास रहा। जिले ने तलवारबाजी में एक रजत पदक और भारोत्तोलन में एक कांस्य पदक जीता।
तलवारबाजी में बृहस्पतिवार को फरीदाबाद की तीन टीमें मैदान में उतरीं। इनमें एक पुरुष वर्ग की और 2 महिला वर्ग की टीमों ने भाग लिया। इसमें महिलाओं ने रजत पदक अपने नाम किया। वहीं अन्य 2 टीमें पदक से चूक गईं। पदक जीतने वाली टीम में हिमांशी नेगी, सृष्टि सिंह, अनुकृति सिंह और साक्षी कपूर रहीं।
इसके अलावा भारोत्तोलन में बृहस्पतिवार को 94 किलो ग्राम, 110 किग्रा और प्लस 110 किग्रा के मुकाबले खेले गए। इनमें प्लस 110 किग्रा में फरीदाबाद के सन्नी ने कांस्य पदक अपने नाम किया। इसके अलावा भारोत्तोलन में बीते दिन कोई पदक नहीं जीत सका।
लॉन टेनिस में जीते 9 पदक
बता दें कि 4 दिनों में शहर में 4 खेलों के विभिन्न मुकाबले खेले गए। इनमें तलवारबाजी, तीरंदाजी, भारोत्तोलन और लॉन टेनिस के मुकाबले हुए। इनमें फरीदाबाद के खिलाड़ियों के नाम कुल 21 पदक रहे। इनमें सबसे ज्यादा 9 पदक लॉन टेनिस में आए। इनमें तीन स्वर्ण पदक, पांच रजत रजत पदक व एक कांस्य पदक शामिल रहा। बता दें कि लॉन टेनिस में जितने भी खिलाड़ी पदक के लिए मुकाबलों में शामिल थे, वह सभी फरीदाबाद की ही टेनिस अकादमी में अभ्यास करते हैं। इसके अलावा तीरंदाजी में फरीदाबाद के नाम कुल 6 पदक रहे। इनमें तीन स्वर्ण पदक दो रजत और एक कांस्य पदक शामिल रहा। वहीं तलवारबाजी में फरीदाबाद के नाम चार पदक रहे। इनमें एक रजत पदक और तीन कांस्य पदक शामिल रहे। वहीं भारोत्तोलन में भी शहर के दो खिलाड़ियों ने पदक पर कब्जा जमाया। इनमें महिला वर्ग में शहर के नाम रजत पदक रहा। वहीं पुरुष वर्ग में फरीदाबाद के नाम कांस्य पदक रहा।