-स्केटिंग में टीम और कुश्ती में 9 वर्ष की मंजू ने जीता रजत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रोहतक में स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के राज्य स्तरीय खेल में जिले के खिलाड़ियों ने रविवार को शानदार प्रदर्शन किया। जिले की बालिकाओं की टीम ने स्केटिंग प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं कुश्ती प्रतिस्पर्धा में मंजू ने रजत पदक अपने नाम किया।
स्केटिंग में जिले की बालिकाओं ने इनलाइन कैटेगरी में उपलब्धि हासिल की है। वहीं कुश्ती प्रतियोगिता में महज 9 साल की मंंजू ने 30 किलो ग्राम भारवर्ग में रजत पदक अपने नाम किया। मुकाबलों के नतीजे आने के बाद जिला खेल शिक्षा अधिकारी हरवीर सिंह और जिला सहायक खेल शिक्षा अधिकारी प्रेम शर्मा ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए हौसला बढ़ाया। बता दें कि रोहतक में अंडर-11 के कई खेलों का आयोजन किया जा रहा है। इनमें एथलेटिक्स, रस्साकशी, स्केटिंग और कुश्ती समेत कई खेलों में जिले के खिलाड़ी पदक जीत चुके हैं। वहीं कई खेलों के नतीजे आने बाकी हैं।