सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई थी सड़क, केंद्र सरकार की योजना के तहत हो रहा है काम
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। इस्माइलपुर और बसंतपुर क्षेत्र के हजारों लोगों को अब टूटी सड़कों से राहत मिलने वाली है। लंबे समय से सीवर लाइन बिछाने के बाद बदहाल पड़ी सड़कों को अब ठीक किया जाएगा। निगम ने अटल मिशन फॉर रिजुवेनेशन एंड अर्बन ट्रांसफॉर्मेशन (अमृत) योजना के तहत इन सड़कों के पुनर्निर्माण और मरम्मत को मंजूरी दे दी है।
इस्माइलपुर से बसंतपुर तक की सड़क लंबे से स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सीवर लाइन बिछने के बाद सड़क नहीं बनाई जाने के कारण लोगों को यहां से निकलने में काफी परेशानी होती है। वहीं सड़क खराब होने के कारण लोगों को हादसे का डर भी बना रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दोपहिया वाहन चालकों और स्कूली बच्चों को इस मार्ग पर सबसे ज्यादा दिक्कत होती है। हल्की बारिश में ही सड़कों पर जलभराव हो जाता है जिससे कीचड़ फैल जाती है और फिसलन के कारण लोग अक्सर गिरकर चोटिल हो जाते हैं।
क्षेत्र में खराब सड़क के कारण दिनभर धूल उड़ती रहती है। इसके कारण अस्थमा, एलर्जी और आंखों से जुड़ीं समस्याएं भी सामने आ रही हैं वहीं खराब सड़क के कारण लोगों का समय भी काफी बर्बाद हो रहा है। अब मरम्मत कार्य के शुरू होने से लोगों को उम्मीद है कि सड़कें ठीक होने के साथ प्रदूषण व उड़ने वाली धूल से भी राहत मिलेगी। अधिकारियों का कहना है कि इस परियोजना का उद्देश्य केवल गड्ढे भरना नहीं है बल्कि सड़क को दोबारा मजबूत आधार पर तैयार किया जाएगा ताकि आने वाले वर्षों तक लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। मरम्मत कार्य के दौरान गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और पूरे कार्य पर निगरानी रखी जाएगी।
इस सड़क के दुरुस्त होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी वहीं आसपास के बाजारों और छोटे व्यापारियों को भी लाभ मिलेगा। अभी खराब सड़क के कारण कई लोग इस रास्ते पर आने से कतराते हैं जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है। सड़क की हालत ठीक होने के बाद बाजारों तक ग्राहकों की पहुंच आसान होगी व दुकानदारी पर सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा।
स्कूली बच्चों के साथ महिलाओं व बुजुर्गों को मिलेगा लाभ
बतादें कि यह मार्ग स्कूल जाने वाले बच्चों, कामकाजी लोगों और बुजुर्गों के लिए विशेष रूप से अहम है। बेहतर सड़क बनने से एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं की आवाजाही भी सुचारू होगी, जिससे संकट के समय बहुमूल्य समय बचाया जा सकेगा। क्षेत्र के लोगों ने निगम के इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि लंबे समय से इस समस्या की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा था लेकिन अब उम्मीद जगी है कि इलाके की दशा बदलेगी। लोगों का कहना है कि अगर तय समय में काम पूरा हो जाता है तो उनको काफी ज्यादा सुविधा हो जाएगी।
वर्जन
नगर निगम की तरफ से इस परियोजना के लिए काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो जाएगा। - डाल चंद, कार्यकारी अभियंता नगर निगम