मेरठ के पास जाम के कारण जाना पड़ा पहले, जिले से 200 डाक कांवड़ हरिद्वार से जल लेकर आती हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सावन के महीने में विभिन्न राज्यों से भक्त कांवड़ लेने के लिए हरिद्वार जाते हैं। इन दिनों मेरठ के पास जाम होने की वजह से स्मार्ट सिटी से डाक कांवड़ लेने के लिए जाने वाले भक्त शिवरात्रि से पांच दिन पहले ही हरिद्वार के लिए रवाना हो गए। जिले से करीब 200 डाक कांवड़ हरिद्वार से जल लेकर आती हैं।
सावन के दौरान कांवड़ यात्रा के मद्देनजर मेरठ और उसके आसपास के इलाकों में लगातार जाम लगा हुआ है। उत्तराखंड प्रशासन की ओर से भारी वाहनों के साथ दूसरे राज्यों की बसों को भी बंद कर दिया गया है। हर साल जिले से डाक कांवड़ लेने जाने वाले भक्त शिवरात्रि से तीन दिन पहले रवाना होते थे लेकिन इस बार जाम की वजह से पांच दिन पहले रवाना हो गए। गांव सुनपेड से डाक कांवड़ लेने जाने वाले भक्त पहले 21 जुलाई को रवाना होने थे लेकिन जाम की सूचना मिलने की वजह से 19 जुलाई को ही रवाना हो गए।
कांवड़ यात्रा के लिए बनाए गए तीन मार्ग
मार्ग नंबर 1 - कालिंदी कुंज दिल्ली से वाया एमसीडी टोल आगरा कैनाल के साथ साथ
मार्ग नंबर 2 - बदरपुर बॉर्डर दिल्ली से प्रवेश करने के बाद आउटर बाईपास ( वडोदरा मुंबई एक्सप्रेस वे)
मार्ग नंबर 3 - बदरपुर बॉर्डर दिल्ली से प्रवेश करने के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग कांवड़ियों की यात्रा के लिए चिन्हित किए गए हैं।
कांवड़ियों की सुरक्षा के बनाए जा रहे 25 नाके
शहर में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए 25 नाके बनाए जा रहे हैं। जिसमें दुर्गा बिल्डर मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेस वे पर चढ़ने से पहले, आगरा कैनाल मार्ग पर दुर्गा बिल्डर के पास, सेहतपुर पल्ला पुल, पल्ला पुल, एत्मादपुर पुल, सेक्टर 28/29 पुल, खेड़ी पुल, सेक्टर-17 पुल, सेक्टर-14 पुल, बीपीटीपी पुल, बड़ौली पुल, सेक्टर-8 पुल, तिगांव पुल, आईएमटी पुल, चंदावली पुल, सुनपेड़ पुल, जाट चौक, मलेरना चौक, जाजरु चौक, शाहुपुरा कलां, शाहपुरा मोड़, डीग पुल, प्याला मोड, सीकरी चौकी के पास तथा कैली बाईपास नजदीक देवांश गार्डन पर नाके लगाए गए हैं। कांवड़ यात्रा मार्ग पर 12 एंबुलेंस, 8 फायर ब्रिगेड तथा 8 क्रेन अलग-अलग स्थानों पर तैनात रहेंगी। इसके अलावा कुछ जगहों पर पुलिस व सीआईडी के कर्मचारी सिविल ड्रेस में भी मौजूद रहेंगे।