25 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष स्वच्छता अभियान रिपोर्ट करेंगे तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया गया है। अब जिला उपायुक्त स्वयं हर सुबह सफाई व्यवस्था का निरीक्षण करेंगे और उसके बाद ही अपने कार्यालय जाएंगे। राज्य सरकार के निर्देशानुसार 25 नवंबर तक चलने वाले इस विशेष स्वच्छता अभियान में उपायुक्तों को जमीनी स्तर पर दौरा कर स्थिति की रिपोर्ट तैयार करनी होगी। वहीं दूसरी तरफ जिन स्थानों पर अधिकारी दौरा कर रहे हैं वहीं पर सफाई कर दी जा रही है लेकिन सफाई के ब्लैक स्पॉट पर कर्मचारी ध्यान नहीं दे रहे हैं।
आपको बताते चलें कि जिन शहरों में सफाई व्यवस्था सुधारने में लापरवाही बरती जाएगी, वहां संबंधित विभागों के अधिकारी खुद मौके पर निरीक्षण करेंगे और रिपोर्ट सीधे सरकार को भेजी जाएगी। अभी तक निगम आयुक्त जमीनी स्तर पर दौरा कर रहे थे लेकिन अब उपायुक्त भी सफाई व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। अब निगम के कर्मचारियों को भी जमीनी स्तर पर काम करना होगा। नालों व अन्य जगहों पर फैले कचरे को देखकर लोगों को कहना है कि अभी कई स्थानों पर कर्मचारी गंभीर नहीं हुए हैं।
निगम कर्मचारियों की बढ़ाई जाएंगी संख्या
निगम के अधिकारियों का कहना है कि सभी स्थानों पर सफाई का काम तेजी से चल रहा है। सफाई के लिए निजी एजेंसियों की मदद भी ली जाएगी इसके साथ ही काम करने वाले कर्मचारियों की संख्या भी बढ़ाई जाएगी। विभाग ने इसके लिए भी तेजी से कार्य शुरू कर दिया है।
हर हफ्ते होगी समीक्षा
सरकार ने निर्देश दिए हैं कि उपायुक्त सप्ताह में कम से कम एक दिन शहरी स्थानीय निकायों के कार्यों की समीक्षा करेंगे। अभियान के अंत में 25 नवंबर तक की प्रगति रिपोर्ट सीधे चंडीगढ़ भेजी जाएगी। फरीदाबाद में भी डीसी और निगम अधिकारी मिलकर योजना को सफल बनाने में जुटे हैं।
विशेष निगरानी दल करेंगे कार्रवाई
जिन क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिलेगी, वहां विशेष निगरानी दल कार्रवाई करेंगे। अधिकारियों का कहना है कि अभियान को केवल दिखावे के लिए नहीं, बल्कि वास्तविक सुधार के लिए चलाया जा रहा है। इस बार जनता को बदलाव महसूस होना चाहिए।
नगर निगम सफाई अभियान को लेकर लगातार काम कर रहा है। सफाई व्यवस्था को और अच्छा करने के लिए कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। - अश्वीर सिंह (एचसीएस) स्पेशल सैनिटेशन ऑफिसर नगर निगम